यूपी के आगरा-लखनऊ यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर वायुसेना अभ्यास करने जा रही है। 24 अक्टूबर को इस एक्सप्रेस-वे पर वायुसेना विमान उतारेंगे और उड़ान भरने का अभ्यास करेंगे। यह अभ्यास आज से 4 दिनों तक चलेगा। इसलिए इस एक्सप्रेस-वे को आज से 24 अक्टूबर तक बंद कर दिया गया है। बता दें कि यह अभ्यास आपात स्थिति में सड़कों पर ही विमान उतारने और उड़ान भरने के लिए पायलटों को तैयार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

इस अभ्यास के दौरान आगरा से लखनऊ की ओर आने वाले वाहन अरौल (कानपुर) में एक्सप्रेस-वे से उतरने के बाद बिल्लौर-बांगरमऊ मार्ग से होकर मियागंज, हसनगंज एवं मोहान होते हुए लखनऊ जाएंगे।

यूपी के एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के मुताबिक, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के जनपद उन्नाव स्थित हवाई पट्टी पर 24 अक्टुबर को भारतीय वायुसेना द्वारा किए जाने वाले फ्लाइंग अभ्यास के मद्देनजर 20 अक्टुबर से 24 अक्टुबर तक एक्सप्रेस-वे के उन्नाव स्थित अरौल से लखनऊ के बीच यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

sukhoi landed on yamuna expressway

हालांकि पिछले साल आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की शुरुआत के दौरान ही वायुसेना ने अभ्यास किया, लेकिन इस बार की खासियत यह है कि पहली बार यहां इस बार वायुसेना के कुल 20 विमान एक्सप्रेस-वे पर उतरेंगे और उड़ान भरेंगे।

रक्षा मंत्रालय (सेंट्रल कमांड) की जनसंपर्क अधिकारी गार्गी मलिक सिन्हा ने कहा कि, इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के 20 विमान हिस्सा लेंगे जिसमें लड़ाकू और परिवहन विमान शामिल होंगे। इनमें मिराज 2000, जगुआर, सुखोई 30 और एएन-32 परिवहन विमान शामिल होंगे। उतरने और उड़ान भरने का अभ्यास 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगा।

इसके अलावा सिन्हा ने कहा कि, ‘ये पहली बार होगा कि वायुसेना का परिवहन विमान भी इसमें हिस्सा ले रहा है। एएन-32 प्राकृतिक आपदा और राहत कार्यों के लिये इस्तेमाल किया जाता है। इससे राहत सामग्री लाई जाती है और आपदा में फंसे लोगों को निकालने के काम में भी लाया जाता है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here