केंद्र सरकार का स्मार्ट सिटी बनाने का सपना साकार हो रहा है। केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना में अब कुल 99 शहर शामिल हो गए हैं। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कल मीडिया से बात करते हुए बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना में 9 और शहरों को शामिल किया गया है। इन शहरों में मुख्य रूप उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु एवं पूर्वोत्तर के राज्य शामिल हैं।

स्मार्ट सिटी में उत्तर प्रदेश के बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर को जगह मिली है। तमिलनाडु में इरोड, दादर नगर हवेली में सिलवासा, लक्षद्वीप में कवारती, अरुणाचल प्रदेश में ईटानगर और दमन दीव में दीव शहर को जगह मिली है।

आपको बता दें पश्चिम बंगाल सरकार पहले ही एलान कर चुकी है कि वह केंद्र के स्मार्ट सिटी मिशन में भाग नहीं लेगी। स्मार्ट सिटी परियोजना में 90 शहरों को पहले ही शामिल किया जा चुका है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, रामपुर और राय बरेली स्मार्ट सिटी की श्रेणी में शामिल होने में विफल रहे।

पुरी ने स्पष्ट किया कि एक शहर पूर्वोत्तर राज्य से चुना गया है लेकिन संबद्ध राज्य में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो जाने के कारण इस शहर का नाम बाद में घोषित किया जायेगा।

पुरी ने बताया कि इस चरण में स्मार्ट सिटी परियोजना के मानकों पर खरे उतरने वाले शहरों में सिलवासा अव्वल रहा। उन्होंने बताया कि चुने गए शहरों ने अपने स्मार्ट सिटी प्रस्तावों में परियोजना के मानकों के मुताबिक 12824 करोड़ रुपये के विकासकार्यों की कार्ययोजना पेश की है। इस राशि की मदद से इन शहरों में जीवन को सुविधापूर्ण और सुगम बनाया जा सकेगा।

गौरतलब है सरकार का लक्ष्य इस परियोजना के पहले चरण में 100 शहरों को केन्द्र सरकार की तरफ से प्रत्येक शहर को 500 करोड़ रुपये दिया जा रहा है। शेष राशि संबद्ध शहर स्थानीय निकाय बॉंड के अलावा निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की भागीदारी से जुटा रहे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here