New Delhi : अर्जुन कपूर की फिल्म ‘पानीपत’ अगले महीने दिसम्बर में रिलीज होने जा रही है। फिल्म मेकर्स जोर शोर के साथ प्रमोशन में लगे हुए है। आए दिन फिल्म में नई अपडेट देखने को मिल रही है। दर्शक भी फिल्म का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे है। फिल्म का धमाकेदार ट्रोेलर और एक गाना सामने आ चुका है, जिसे दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। इसी बीच गाना मन में शिवा रिलीज से पहले उसका फर्स्ट लुक मोशन पोस्टर शेयर किया गया है।
दरअसल अर्जुन कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक मोशन पोस्टर शेयर किया है। शेयर किए गए पोस्टर में अर्जुन सदाशिव राव भाऊ के किरदार में दिखाई दे रहे है। पोस्टर में उनका लुक काफी दमदार लग रहा है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म के नए गाने मन में शिवा की रिलीज डेट का भी ऐलान किया है।
उनका कहना है कि कल यानी 23 नवम्बर को फिल्म का नया गाना ‘मन में शिवा’ रिलीज किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले फिल्म पानीपत का पहला गाना मर्द मराठा रिलीज हो चुका है। पानीपत का यह गाना अ़र्जुन कपूर और कृति सेनन पर फिल्माया गया है। मर्द मराठा साॅन्ग दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।
फिल्म की कहानी पानीपत में अब्दाली और मराठाओं के बीच हुई लड़ाई पर आधारित है। इस लड़ाई में मराठा साम्राज्य के काफी सैनिक मारे गए थे। फिल्म में अर्जुन कपूर सदाशिव राव भाऊ के किरदार में दिखाई देंगे।
तो वहीं संजय दत्त अहमद शाह अब्दाली, कृति सेनन पार्वती बाई, मोहनीश बहल नाना साहब पेशवा, जीनत अमान सकीना बेगम,पद्मिनी कोल्हापुरी गोपिका बाई, साहिल सलाथिया शमशेर बहादुर और कुणाल कपूर को शुजाउद्दौला के किरदार में नजर आएंगे।
यह फिल्म 6 दिसंबर 2019 को सभी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि इसी दिन कार्तिक, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे की ‘पति पत्नी और वो’ भी रिलीज हो रही है। अब देखना ये होगा कि कौन – सी फिल्म दर्शकों के दिल को जीत पाएगी। ये तो फिल्म रिलीज के बाद ही पता चल पाएगा।