भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को झारखंड के चाईबासा पहुंचे और यहां से भाजपा प्रत्याशी जेबी तुबिद के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। वहीं जेपी नड्डा ने एक चुनावी रैली को भी संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि ये चुनाव किसी व्यक्ति का नहीं है, किसी को विधायक बनाने का ही नहीं है, ये चुनाव झारखंड की तकदीर और तस्वीर कैसी हो, ये फैसला करने का है। इसलिए हमें दूरदृष्टि रखनी चाहिए कि कौन हमारे राज्य को आगे बढ़ा सकता है। 5 साल में आपने देखा है कि भ्रष्टाचार मुक्त सरकार, स्थाई सरकार, कोई खरीद फरोख्त नहीं, ऐसी भाजपा की सरकार चली है। झारखंड की तकदीर और तस्वीर बदली है।
जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा को आपने लोकसभा चुनाव में भरपूर समर्थन दिया है। इस लोकसभा चुनाव में 2014 की तुलना में 6 लाख वोट ज्यादा आपने भाजपा को दिए। आपने भाजपा को भरपूर वोट दिये तो मोदी जी ने भी देश की तस्वीर बदलने में कोई कमी नहीं छोड़ी। आपने भाजपा को समर्थन दिया तो संसद के पहले सत्र में लोकसभा में 128 प्रतिशत काम हुआ। लोकसभा शाम 6 बजे के बजाय रात के 10-10 बजे तक चली। इस बीच लोकसभा में 200 बिलों को पेश किया गया और 40 बिल पास हुए।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, दुनिया के कई इस्लामिक देशों में तीन तलाक गैरकानूनी है, लेकिन हमारे देश की मुस्लिम महिलाओं पर तीन तलाक की तलवार अभी तक लटक रही थी। अब नरेन्द्र मोदी जी ने तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कर दिया है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा आदिवासियों के नाम पर लंबे समय से राजनीति कर रहे हैं। लेकिन जब आदिवासियों के हित की बात आई तो घड़ियाली आंसू बहाने लगे। इन्होंने पिछड़ों को उनका हक नहीं दिया। मोदी जी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का काम किया है।
हमारे देश के सैनिक वन रैंक-वन पेंशन की लंबे समय से मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस मांग पर कुछ नहीं किया। नरेन्द्र मोदी जी ने 22 लाख फौजियों को वन रैंक-वन पेंशन का लाभ दिया और 11 हजार करोड़ रुपये फौजियों के घर पहुंचाए।
उज्ज्वला योजना के तहत हमने 8 करोड़ गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस का सिलेंडर दिया है। इसमें से 33 लाख झारखंड में दिए हैं। मोदी जी ने 1 सिलेंडर मुफ्त दिया तो रघुवर दास जी ने अपनी सरकार की तरफ से 1 और सिलेंडर मुफ्त दिया। ये है डबल इंजन सरकार।
लंबे समय तक झारखंड में नक्सलवाद फैला था और पिछली सरकारों में उसे संरक्षण मिल रहा था। आज नक्सलवाद जड़ से समाप्त हो रहा है। नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए भाजपा सरकार कृत संकल्पित है।
विपक्ष के राजनीतिक दल ऐसे दल हैं जो लोगों को जातियों में बांट देते हैं, ये विकास की बात कभी नहीं करते। लेकिन नरेन्द्र मोदी जी की एक ही जाति है और वो है गरीब। गरीबों की सेवा करने में उनकी सरकार सबसे आगे है।
आजकल कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा में दोस्ती हो रही है। ये दोस्ती सिर्फ कुर्सी की दोस्ती है। ये स्वार्थ की दोस्ती है। इसका झारखंड के विकास से कुछ लेना देना नहीं है। जब अलग झारखंड की मांग चल रही थी, उस समय कांग्रेस के लोग यहां की जनता पर गोली चलवा रहे थे।