बिहार के बेगूसराय में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। छठ पर्व के दूसरे दिन बॉलीवुड नाइट का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में डांसर सपना चौधरी का डांस शुरू होते ही दर्शकों के बीच भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगदड़ में दबकर एक युवक की मौत भी हो गई है।

रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर सपना चौधरी ने मंच पर जैसे ही डांस शुरू किया तभी भीड़ अनियंत्रित हो गई। सैकड़ों दर्शक कार्यक्रम स्थल पर बने पंडाल के ऊपर चढ़कर डांस देख रहे थे। तभी करीब 300 मीटर लंबा और 150 मीटर चौड़ा पंडाल अचानक धराशाई हो गया। पंडाल के नीचे बैठे लोग इधर-उधर भागने लगे। दर्शकों का हुजूम ब्रैकेटिंग तोड़ते हुए मंच की तरफ बढ़ने लगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थिति को समझते हुए आयोजक ने तत्काल प्रोग्राम को स्थगित करवा कर लोगों को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलने की अपील की। भीड़ अनियंत्रित होने की वजह से लोगों को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। प्रोग्राम में तकरीबन लाखों दर्शकों की भीड़ जुटने का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रोग्राम स्थगित होने के बाद डांसर सपना चौधरी को भी कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ी।

बता दें कि हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी पिछले साल बिग बॉस में जाने के बाद से बहुत लोकप्रिय हो गई हैं। इसके बाद उनकी पूरे देश में पहचान बन गई है। उसके अधिकांश प्रोग्राम में दर्शक बवाल मचाते हैं। इससे पहले राजस्थान के चुरू, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भी कार्यक्रम के दौरान भीड़ बेकाबू हो चुकी है। प्रयागराज में तो सपना चौधरी का कार्यक्रम ही रद्द करना पड़ा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here