प्यार पाबंदियों को नहीं मानता। सामाजिक रीति रिवाजों के बंधनों में बधना भी नहीं चाहता। प्यार वर्जनाओं को तोड़ने में भी यकीन रखता है। लेकिन प्यार जब अनैतिक हो जाता है तो उसका क्या हश्र होता है, इसका उदाहरण देखने को मिला आगरा में। आगरा के एत्मादौल्ला क्षेत्र की रहने वाली दो लड़कियों में दोस्ती हो गई। हालांकि, कार्तिक का वेश धरे सोनी ने अपनी पहचान छिपाई थी। प्रीति नामक लड़की से जब उसकी दोस्ती हुई तो, उसने प्रीति को ये नहीं बताया कि वो कार्तिक नहीं असल में सोनी है।

दोनों की दोस्ती प्रगाढ़ हुई तो उनके बीच प्यार के अंकुर फूटे। धीरे धीरे दोनों का प्यार परवान चढ़ा। इस बीच, प्रीति को ये पता चल गया कि उसका प्यार लड़का नहीं लड़की है। लेकिन दोनों के बीच लगाव इतना गहरा हो गया था कि अलगाव के बारे में वो सोच भी नहीं सकती थी। दोनों ने रिश्तों में आए इस बदलाव को भी स्वीकार करते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया। लेकिन रास्ते में रुकावट सामाजिक मान्यताएं थीं।

सोनी उर्फ कार्तिक और प्रीति ने सामाजिक बाधाओं को भी पार पाने का तरीका ढूंढ निकाला। आगरा में सामूहिक शादी समारोह का आयोजन किया जा रहा था। दोनों ने अपनी शादी के लिए भी वहां पंजीकरण करा लिया। सब कुछ मैनेज कर लिया। और वो वक्त भी आया कि दोनों शादी के बंधन में बंध गए।

लेकिन बात तब बिगड़ गई, जब सोनी उर्फ कार्तिक अपनी दुल्हन को विदा कराने उसके घर पहुंची। प्रीति के पहुंचने पर उसका भेद खुल गया। प्रीति के घर वालों ने सोनी को पहचान लिया। वो लोग समझ गए कि कार्तिक लड़का नहीं लड़की है। फिर क्या था वहां बवाल हो गया। प्रीति के घरवालों ने सोनी उर्फ कार्तिक की जमकर पिटाई कर दी। बवाल बढ़ा तो पुलिस भी पहुंची। पुलिस दोनों को अपने साथ थाने लाई। सोनी और प्रीति दोनों को समझाने की कोशिश हुई। पुलिसवालों ने भी समझाने की कोशिश की। घरवालों ने भी उन्हें अपने अपने तरीके से मनाने की कोशिश की। लेकिन न प्रीति मानने को तैयार हुई और सोनी भी अपने फैसले पर अड़ी रही। दोनों एक दूसरे के साथ ही रहना चाहती हैं। फिलहाल, पुलिस ने दोनों को उनके-उनके घर भेज दिया है। दोनों के परिजन परेशान हैं। दोनों सहेलियां बेचैन हैं और पूरे मोहल्ले और आस पास के क्षेत्र में उनके प्यार के चर्चे हैं। लोग चटखारे ले-लेकर उनके किस्से सुन और सुना रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here