अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन तीन दिवसीय निजी दौरे पर भारत आई हैं। मंत्री हिलेरी क्लिंटन रविवार रात 8 बजे इंदौर पहुंचीं। यहां से 8.25 बजे सड़क मार्ग से वे महेश्वर के लिए रवाना हुई और 10.23 बजे वहां पहुंचीं। कड़ी सुरक्षा के बीच वे सीधे राजवाड़ा परिसर में बने होटल अहिल्या फोर्ट गई। यहां उनका स्वागत शिवाजीराव होलकर (प्रिंस रिचर्ड होलकर) ने किया ।

दरअसल, मप्र की तीन दिवसीय यात्रा पर आईं हिलेरी क्लिंटन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें होटल अहिल्या फोर्ट के एक साधारण कमरे में रखा गया है। पहले इनके लिए होटल अहिल्या फोर्ट के लक्जरी रूम को बुक किया गया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षा की दृष्टि से उसे रिजेक्ट कर दिया। बता दें कि किला परिसर के बीचोबीच बने कमरे बुलबुल, कचनार और चंपा को सिर्फ हिलेरी के रुकने के लिए तैयार किया गया है।

वहीं उनके लिए डिनर के लिए  भारतीय, नेपाली और कॉन्टिनेंटल व्यंजन बनाए गए। भोजन में खासतौर पर आम रस रखा गया।

महेश्वर पहुंची हिलेरी आज सुबह 9 बजे मांडू के लिए रवाना हुई हैं और जहाज महल देखा।  वहां की ऐतिहासिक धरोहर देखने के बाद दोपहर में वे पुन: महेश्वर आई। इसके बाद 1 बजे किला परिसर में बुनकर परिवार के बच्चों के लिए संचालित आहिल्या बाल ज्योति स्कूल में बच्चों से मिली। इसके बाद किला परिसर में ही संचालित राजपरिवार की महेश्वरी साड़ियों की निर्माण यूनिट ‘रवा सोसाइटी’ का निरीक्षण किया। किला परिसर और अन्य ऐतिहासिक धरोहर देखी। बता दें कि इसके बाद  हिलेरी 13 मार्च को सुबह 9 बजे इंदौर चली जायेंगी।

बताया जाता है अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन तय समय से करीब तीन घंटे देरी से महेश्वर पहुंची। हिलेरी क्लिंटन के आने के पहले से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई। पूरा प्रशासनिक अमला सुरक्षा की दृष्टि से अलर्ट रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here