दक्षिणी फ़्रांस के ट्रेबेस शहर से आतंकी हमले और लोगों को बंधकर बनाने की खबर सामने आई है। फ्रांस पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस इस गोलीबारी को आतंकी हमला बता रही है।

फ्रांस के सुपरमार्केट में गोलीबारी और वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाने की खबर मिलते ही पुलिस ने अपना ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फ्रांस का सुरक्षाबल दो स्थानों पर कार्रवाई कर रहा है। एक ट्रेबेस शहर के सुपरमार्केट में जहां लोगों को बंधक बनाए जाने की खबर है और दूसरा कैरकास्सोन्न में जहां एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है।

स्थानीय प्रॉसिक्यूटर के मुताबिक सुपरमार्केट में गोली चलाने वाले शख्स ने इस्लामिक स्टेट से जुड़े होने का दावा किया। इन दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं, अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है। सूत्रों के मुताबिक सुबह करीब सवा 11 बजे एक शख्स सुपर यू सुपरमार्केट में दाखिल हुआ और गोलीबारी की आवाज सुनी गई।

वहीं फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय के मंत्री ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कहा है कि बचाव अभियान प्राथमिकता पर है। वहीं अधिकारियों ने लोगों को सुपरमार्केट के आसपास ना जाने की चेतावनी दी है।

बता दें कि इससे पहले इसी सप्ताह बुधवार को इस्लामिक स्टेट (IS) ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर हमला किया था।इस हमले में 31 लोगों की मौत और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। गौरतलब है कि वहां नए साल के जश्न के मौके पर एक आत्मघाती हमलवार ने खुद को उड़ा लिया था। एक सप्ताह के भीतर आईएस द्वारा किया गया यह दूसरा बड़ा हमला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here