मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर कांग्रेस ने पूछे 9 सवाल, बीजेपी ने बताया झूठ का पुलिंदा

0
43
MODIN GOVT 9 YRS BJP CONGRESS ATTACK
MODI GOVT 9 YRS BJP CONGRESS ATTACK

मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर कांग्रेस ने आज बीजेपी से 9 सवाल पूछे। जिसके जवाब में बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा। बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर 9 सवाल पूछे हैं, लेकिन वो झूठ का बड़ा पुलिंदा हैं। ये कांग्रेस की बेशर्मी की पराकाष्ठा है।

बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के सवालों के जवाब में कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल पूछ रही है, वो भी चीन के संदर्भ में, कांग्रेस के मित्रों सुन लो- भारत की जमीन जो गई है, कांग्रेस की सरकार में ही गई है। आज गलवान और डोकलाम में भारत ने अपनी साख दिखाई है। ये नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाला भारत है, जिसने 300 चाइनीज App को बंद किया। इसी तरह उरी हो या बालाकोट हो, घर में घुसकर मारा।

उन्होंने कहा कि वही कांग्रेस करप्शन पर सवाल पूछ रही है, जिसके शासनकाल में 2G घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, आदर्श घोटाला, बोफोर्स, अंतरिक्ष घोटाला, हेलिकॉप्टर घोटाला जैसे कितने बड़े-बड़े घोटाले हुए। कांग्रेस ने अपने लिए 4C ग्रेडिंग चुनी है-कट, कमीशन, करप्शन और कांग्रेस। यही है कांग्रेस।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में डिजिटल पेमेंट का आंकड़ा 10 बिलियन डॉलर का है। चाहे डिजिटल इंडिया हो, डिजिटल पेमेंट हो, जीएसटी, मोबाइल मैन्यूफेक्चरिंग, सड़कें, एयरपोर्ट, बिजली, किसानों की बात हो, नेशनल हाईवे की बात हो, स्टार्टअप इंडिया की बात हो, आज विकास के हर क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगर ये सब कांग्रेस को नहीं दिखता है, तो कोई क्या कर सकता है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज भारत, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। आज 16 हजार करोड़ रुपये का डिफेंस एक्सपोर्ट हो रहा है। भारत मोबाइल मैन्यूफेक्चरिंग में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मैन्यूफेक्चरर बन गया है। आप आलोचना कीजिए, लेकिन आलोचना में आप देश के अंदर के संकल्प को कमजोर मत कीजिए, यह बहुत बड़ा अपमान है। उन लाखों सेवा कर्मियों का, डॉक्टर, नर्सेस, सफाई कर्मचारी, एम्बुलेंस चलाने वालों का, जिन्होंने कोविड काल में देश को बचाने की कोशिश की।

आपको बता दें कि आज कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार से ये 9 सवाल पूछे थे:

  1. ऐसा क्यों है कि देश में मंहगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है? सार्वजनिक संपत्ति आप अपने मित्रों को क्यों बेच रहे हैं?
  2. किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई? किसानों के लिए एमएसपी कानून क्यों नहीं बना?
  3. अदानी को फायदा पहुंचाने के लिए एलआईसी और एसबीआई में जमा आम लोगों का पैसा क्यों लगाया गया है? अदानी की कंपनी में 20 हजार करोड़ रुपया किसका है? पीएम जवाब क्यों नहीं देते?
  4. चीन को लाल आंख दिखाने की बात करने वाले पीएम ने चीन को क्लीन चिट क्यों दी जबकि वो हमारी जमीन पर कब्जा कर बैठा है?
  5. पीएम बताएं कि चुनावी फायदे के लिए बंटवारे की राजनीति का उपयोग किया जा रहा है और समाज में डर का माहौल बनाया जा रहा है?
  6. पीएम महिला, दलित, अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार पर चुप क्यों रहते हैं? पीएम जातीय जनगणना की मांग पर चुप क्यों हैं?
  7. संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को क्यों कमजोर किया जा रहा है? विपक्षी नेताओं को और सरकारों को निशाना क्यों बनाया जा रहा है?
  8. मनरेगा जैसी योजना को क्यों कमजोर किया जा रहा है?
  9. कोरोना में कुप्रबंधन के कारण जिन 40 लाख लोगों की जान गई उनके परिवार को न्याय क्यों नहीं मिला?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here