राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निक्की हेली इस साल के अंत में अपना पद छोड़ देंगी। हेली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक ट्रम्प ने मंगलवार को हेली का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। साउथ कारोलिना प्रांत की पहली गवर्नर रहीं श्रीमती हेली के इस्तीफे को ट्रम्प प्रशासन के लिए आश्चर्यजनक माना जा रहा है।अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने कहा है कि ट्रम्प और श्रीमती हेली की मंगलवार की सुबह ओवल ऑफिस में मुलाकात हुई थी।

एबीसी न्यूज की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ओवल कार्यालय में एक बैठक के दौरान श्री ट्रम्प ने कहा कि श्रीमती हेली ने उन्हें पहले से ही बताया था कि वह प्रशासन के विदेश नीति एजेंडे को आगे बढ़ाने में मदद करने के लिए दो साल तक सेवा करने के बाद ब्रेक लेना चाहती हैं।

ट्रम्प ने कहा,”उन्होंने बेहद शानदार काम किया और हमने साथ मिलकर भी शानदार काम किया। मैं निक्की हेली के साथ एक बार फिर काम करना चाहूंगा और निक्की अपने लिए पसंदीदा काम भी चुन सकती हैं।”

इस अवसर पर राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए श्रीमती हेली ने कहा, “शुक्रिया, राष्ट्रपति जी, ये मेरे पूरे जीवन के लिए एक सम्मान की बात है।”

इसके साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि संरा में हेली की जगह लेने वाले व्यक्ति के नाम की घोषणा अगले दो से तीन हफ़्ते के बीच की जाएगी।

गौरतलब है कि निक्की हेली जनवरी 2017 में संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत नियुक्त की गयी थी। उत्तर कोरिया के साथ परमाणुकरण निरस्त्रीकरण को लेकर वार्ता, रूस के साथ बातचीत में सुधार, अमेरिकी दूतावास को यरूशलेम में ले जाने और ईरान के साथ कठोर रूख अपनाये जाने में हेली का उल्लेखनीय योगदान रहा है।

                                                                                                              साभार- ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here