दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज सुबह से भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। लाखों की संख्या में लोग भीम आर्मी के समर्थन में प्रदर्शन करने आए हैं। कुछ दिन पूर्व सहारनपुर में हुई सांप्रदायिक हिंसा के विरोध में दलित कार्यकर्ताओं ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि इसी महीने सहारनपुर में 9 मई को हुई हिंसा के बाद भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने दिल्ली में जंतर मंतर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। बताया जा रहा है कि यह जनसैलाब सहारनपुर में दलितों को न्याय दिलाने और भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण के खिलाफ झूठे केस को वापस लेने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस विरोध प्रदर्शन को भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप मंडल, दलित युवा नेता जिग्नेश मेवाणी, जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार, शेहला रशीद, बहुजन संघर्ष दल के फूलसिंह बरैया समेत कई दिग्गज दलित नेता संबोधित करने वाले हैं।

सुबह दस बजे ही जंतर-मंतर भीम आर्मी के रंग में रंग गया। अधिकांश युवा यहां भीम आर्मी सेना के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण का मुखौटा लगाकर पहुंचे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जंतर-मंतर पर यह भीड़ दो लाख से भी ज्यादा पहुंच सकती है। इसी के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने पहले से ही अपनी तैयारी कर ली थी। सुबह से ही जंतर मंतर समेत दिल्ली के आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here