Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तत्काल प्रभाव से उ.प्र. के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम का पद छोड़कर पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय, राज्य, जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। समाजवादी पार्टी द्वारा इसे लेकर एक ट्वीट किया गया है जिसमें लिखा गया है कि समाजवादी पार्टी के सभी युवा संगठनों, महिला सभा एवं अन्य सभी प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, सहित राष्ट्रीय, राज्य कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है।
कहा जा रहा है कि पार्टी नए सिरे से अब कार्यकारिणी का गठन करेगी। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी ने यह फैसला विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद ही ले लिया था। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2022 के रिजल्ट के बाद पहली बार ऐसा बड़ा ऐक्शन लिया है। यूपी विधानसभा चुनाव में यूपी की 403 सदस्यीय विधानसभा में 400 सीटें जीतने का दावा कर रहे अखिलेश यादव को चुनाव नतीजों में महज 111 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था।
Samajwadi Party: लोकसभा उपचुनाव में सपा को लगा था बड़ा झटका
बता दें कि हाल ही में सपा को लोकसभा उपचुनाव में भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ा था। रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीट जिसे सपा का गढ़ माना जाता है, दोनों ही जगह पर सपा को हार का सामना करना पड़ा था। दोनों सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी।
रामपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार घनश्याम सिंह लोधी ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार असीम राजा के खिलाफ 40 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। वहीं आजमगढ़ में बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने जीत दर्ज की। वहीं अखिलेश यादव की इस रणनीति को साल 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी की इकाइयों को भंग करने के बाद अब प्रदेश स्तर पर एक बार फिर मजबूती से खड़ा करने की कोशिश कर सकते हैं।
संबंधित खबरें: