जन्माष्टमी से पहले कान्हा की नगरी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा वृंदावन को 400 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी। ब्रज विकास उत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री ने सौ करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण किया तो तकरीबन तीन सौ करोड़ रुपये की योजनाओं की आधारशीला भी रखी। निराश्रित महिलाओं के लिए आश्रय का उदघाटन किया। जीवन के आखिरी पड़ाव में कान्हा की नगरी में आने वाली निराश्रित महिलाओं को अब आश्रय के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
कान्हा की लीला स्थली वृंदावन के नगला राम ताल में तकरीबन 56 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कृष्णा कुटीर महिला आश्रय सदन का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उदघाटन किया।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से बनाए गए एक हजार बेड के इस आश्रय सदन का संचालन उत्तर प्रदेश सरकार करेगी। हर तरह की सुख सुविधाओं से लैस इस सदन में कृष्ण भक्ति में लीन और समाज और घर-परिवार से प्रताड़ित की गई महिलाओं को आश्रय मिलेगा। मुख्यमंत्री ने निराश्रित महिलाओं के लिए आश्रम मुहैया कराने का श्रेय प्रधानमंत्री को दिया।
आश्रय सदन के उद्घाटन के मौके पर केंद्रीय मंत्री मेनिका गांधी, प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी और राज्यमंत्री स्वाति सिंह भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आश्रय सदन के निर्माण के लिए उनकी सरकार काशी, अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों के साथ ही लखनऊ में जमीन मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री ने ऐसे आश्रयों में रहने वाली महिलाओं को निराश्रय पेंशन योजना का लाभ देने की भी घोषणा की।
कृष्णा कुटीर आश्रय सदन का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री अक्षय पात्र पहुंचे और ब्रज तीर्थ विकास परिषद से संबंधित लगभग 400 करोड़ रुपये के विकास कार्यों और योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यहां उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना भी साधा। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संभावनाएं पहले भी थीं। पहले कमी थी तो मजबूत इच्छा शक्ति और साफ नीयत की। मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया है। उनमें 10.89 करोड़ की ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की योजनाएं और 41.50 करोड़ की राजकीय निर्माण निगम की योजनाएं शामिल हैं। जबकि जिन योजनाओं का शिलान्यास किया है। उनमें 94.87 करोड़ की ब्रज तीर्थ विकास परिषद की योजनाएं। 180 करोड़ की जल निगम की योजनाएं और 35.9 करोड़ की नगर निगम की योजनाएं शामिल हैं।
एपीएन ब्यूरो